बांदा। प्रदेश के जलशक्ति कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार की देर शाम बिसंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पुनाहुर में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने ममता, सुमित्रा और केसिया को प्रधानमंत्री आवास की चाबी प्रदान की। इसके अलावा सावित्री देवी, रविनंदन व सविता को पेंशन प्रमाण पत्र दिया। बच्चों का अन्न प्रासन कर पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर पोषाहार बांटा।
जन चौपाल में मंत्री से कुछ ग्रामीणों ने राशन कार्ड न होने की बात बताई। इस पर मंत्री ने अफसरों से गांव में जल्द कैंप लगाकर पात्रों के राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार सभी वर्गों के लिए बिना किसी भेदभाव के योजनाएं संचालित कर लाभान्वित कर रही है। जन चौपाल के बाद मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ नौका विहार भी किया। राज्यमंत्री जलशक्ति रामकेश निषाद, सांसद बांदा-चित्रकूट आरके सिंह पटेल. सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी. विधायक नरैनी ओममणि वर्मा समेत अन्य रहे।
