बांदा। दिव्यांग भाई के साथ एक कन्या भोज से लौट रही किशोरी के साथ गांव के युवक ने तमंचे के बल पर छेडख़ानी की। उलाहना देने पर आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर किशोरी व उसके दिव्यांग भाई को पीटकर गंभीर घायल कर दिया। थाना पुलिस ने घटना की रिपोर्ट नहीं लिखी। दिव्यांग ने बहन के साथ सीओ से गुहार लगाई तब आरोपी तीन सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।
कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय किशोरी अपने दिव्यांग भाई के साथ रहती है। पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। भाई ने सीओ को तहरीर देकर बताया कि 22 मई को फतेहपुर जनपद के एक गांव निवासी रिश्तेदार ने कमासिन थाना क्षेत्र के एक देवस्थान पर कन्या भोज कराया था। इसमें शामिल होकर वह दोपहर में बहन के साथ घर जा रहा था। रास्ते में उसके मोबाइल में फोन आने पर वह रुककर बात करने लगा। उसकी बहन आगे निकल गई।
गांव के ही आशीष ने उसे अकेला देखकर प्राथमिक पाठशाला के पास पकड़ लिया। बहन ने विरोध किया तो आरोपी ने तमंचा लगाकर छेडख़ानी की। इस बीच वह भी पहुंच गया। उलाहना देने पर आशीष ने अपने भाई सतीश व संजय के साथ मिलकर दोनों पर हमला कर दिया। थाने में घटना की तहरीर दी। लेकिन पुलिस उन्हें काफी समय तक बिना रिपोर्ट दर्ज किये बैठाये रही।
बुधवार को सीओ के आदेश पर तीनों सगे भाइयों के खिलाफ पाक्सो, छेडख़ानी, मारपीट व धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई। कमासिन थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष ने भी किशोरी के भाई समेत चार लोगों के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी नहीं हुई है।
