बांदा। एआरएम ने राजस्व चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमित परिचालक की सेवा समाप्त कर दी है। प्रवर्तन दल की चेकिंग में बस में 32 यात्री बिना टिकट मिले थे। जांच में मामला सही मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। इससे पहले बस में आठ बिना टिकट यात्री मिलने पर संविदा कंडेक्टर की सेवा समाप्त की गई थी।
यातायात अधीक्षक राजेंद्र यादव ने 27 अगस्त 2022 को चेकिंग के दौरान फतेहपुर जा रही बांदा डिपो की बस को पचनेही गांव के पास चेक किया था। चेकिंग के दौरान बस में 32 यात्री बिना टिकट मिले थे। यातायात अधीक्षक की
रिपोर्ट पर तत्काल नियमित परिचालक पुष्पेंद्र द्विवेदी को निलंबित करते हुए ड्यूटी से ब्रेक कर दिया गया था। मामले की जांच दो सदस्यीय यातायात निरीक्षकों से कराई गई। जांच में राजस्व चोरी का मामला सही पाया गया। टीम ने जांच रिपोर्ट में बताया कि कंडक्टर ने यात्रियों से रुपये तो लिये लेकिन टिकट नहीं दिया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मण कुमार यातायात निरीक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर कंडक्टर की सेवा समाप्त कर दी। इसके पूर्व बस में आठ बिना टिकट यात्री मिलने के मामले में संविदा चालक पवन की सेवा समाप्त कर दी गई थी।
एआरएम लक्ष्मण कुमार का कहना है कि राजस्व चोरी करने वाले कंडक्टरों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कंडक्टरों को चेतावनी दी है कि वह राजस्व चोरी को बंद कर निगम की आय बढ़ाने में मदद करें। अन्यथा पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
