चित्रकूट। बुखार व पेट दर्द से दो बुजुर्गों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा डायरिया व पेट दर्द से छह मरीज भर्ती हुए।
भीषण गर्मी और लगातार मौसम के बदलाव के चलते जिला अस्पताल में डायरिया, बुखार व पेट दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। शुक्रवार को ओपीडी में 760 मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे। अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। उधर, इमरजेंसी वार्ड में भी डायरिया, बुखार व पेट दर्द के मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे।
गुरुवार की रात्रि को कुबेरगंज निवासी विंध्या प्रसाद (70) व तरौंहा निवासी अजीजुननिशा (72) को परिजनों ने बुखार व पेट दर्द के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को घर ले गए।
इसके अलावा बनकट निवासी सविता (35), बनाड़ी निवासी अवधनरेश की 20 वर्षीय नीलम, देवल पहाड़ी निवासी कलावती (36), रामघाट सीतापुर निवासी दीप्ती केशरवानी (28), सकरौंहा निवासी रामहित (16) पुत्र राजेश कुमार व पुरानी बाजार निवासी जायदा (70) को बुखार, पेटदर्द व डायरिया के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
