Spread the love


चित्रकूट। शिवरामपुर कस्बे में सांड से टकराकर जान गंवाने वाले दंपती का शनिवार की शाम को गमगीन माहौल में गांव में अंतिम संस्कार हुआ। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात को ननिहाल से जाते समय गोलू के मामा आदि ने कई बार रात यहीं गुजारने के लिए कहा था लेकिन वह जिद कर लौट रहे थे। किसी को नहीं पता था कि जिन्हें हंसी खुशी विदा किया वह हमेशा के लिए दुुनिया से चले जाएंगे। इस हादसे में बाल बाल बचे दो साल के गोलू की हालत खतरे से बाहर है उसका इलाज सतना में चल रहा है।

झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के कस्बे में शुक्रवार की रात अचानक सडक़ पर आए सांड से बाइक की टक्कर हो गई थी। इसमें बाइक सवार सतना मप्र के बरौंधा थाना अंतर्गत जवारिन निवासी विजय यादव (30) पुत्र छोटेलाल पत्नी संगीता यादव (26) की मौत हो गई थी। बाइक से टक्कर इतनी जोरदार थी कि सांड की भी मौत हो गई। मां की गोद से उछलकर सड़क किनारे मिटटी में जा गिरे दो साल के गोलू की जान बच गई लेकिन वह मासूम नजरों से अपने सामने माता पिता को लहूलुहान पड़ा देखता रहा।

अस्पताल में मां के शव से लिपट कर रोता रहा। उसके माथे पर चोट आई जिसका इलाज किया गया। इसके बाद परिजन उसका इलाज कराने के लिए सतना अस्पताल ले गए हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।

शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के चचेरे भाई राफल ने बताया कि विजय यादव के पास दो चार पहिया वाहन है। इनको चलाकर जीवन यापन करता था। उसके दो पुत्र एक पुत्री है। शुक्रवार को वह बाइक से अपने कर्वी के कसहाई रोड स्थित नाना रामकिशोर के घर आया था। रात को वापसी के लिए पत्नी के मायके भारतपुर जाने लगा तो सभी ने मना किया कि सुबह चले जाना।

सभी ने उनसे खाना खाने की भी जिद की लेकिन विजय व संगीता नहीं माने। कहा कि रात में ही वह भारतपुर पहुंच जाएंगे । वहां रात रूककर अपने गांव जवारिन निकल जाएंगे। रोते हुए परिजनों ने बताया कि काश विजय संगीता उनकी बात मान लेते तो यह दर्दनाक हादसा न होता।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *