बांदा। चोरों ने झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे की एक के बाद एक नौ दुकानों को निशाना बनाया। छह दुकानों का ताला तोड़कर हजारों की सामग्री पार कर दी। जबकि तीन दुकानों के ताले तोड़ने में असफल रहे। चोरों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुछ सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। दुकान मालिकों की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा मोहल्ले से झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरा है। यहां सड़क किनारे दोनों तरफ लगभग 150 दुकानें हैं। शनिवार रात करीब 12 बजे के बाद चोरों ने दुकानों को निशाना बनाया। एक-एक करके छह दुकानों के ताले तोड़ दिए। इसमें सैलून दुकानदार क्योटरा हरदौली घाट निवासी नरेंद्र ने बताया कि उसकी दुकान का ताला तोड़कर 31,500 रुपये ले गए।
परमपुरवा, मटौंध के इबरार ने बताया कि उसकी बाइक रिपेयरिंग की दुकान का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये ले गए। सैलून दुकानदार क्योटरा के वीरेंद्र की दुकान से 8500 रुपये और दुकान में रखी बच्चों की चांदी की हाफ पेटी, पायल और चूड़ा ले गए।
दुकान में माचिस की डिब्बी में रखे सोने के बालों पर उनकी नजर नहीं पड़ी। क्योटरा मोहल्ला निवासी इंद्रपाल की किराना दुकान का ताला तोड़कर गोलक में रखे आठ हजार रुपये ले गए। छोटी बाजार निवासी शंकर स्वीट हाउस दुकानदार सौरभ गुप्ता की दुकान का ताला तोड़कर गोलक में रखे 10 हजार रुपये ले गए।
मुक्तिधाम निवासी पप्पू गुप्ता समोसे वाले की दुकान का ताला तोड़कर तीन हजार रुपये ले गए। सभी दुकानों में चोरों ने चोरी के बाद ताले भी ले गए हैं। दुकानदारों ने बताया कि चोरों ने पड़ोस में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त किया है। हालांकि उनकी करतूत राजेश गुप्ता की किराना दुकान में लगे सीसीटीवी में चोर की फुटेज में कैद हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
मुक्तिधाम के रहने वाले रामधनी प्रजापति के किराना स्टोर, कना और गोदाम का ताला तोड़ दिया। तीनों दुकानों में सेंटर लॉक लगा होने से वह चोरी में सफल नहीं हुए। इसी तरह सुदामापुरी मोहल्ला के राजेश शिवहरे की किराना स्टोर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। कालूकुआं मोहल्ले के अरुण गुप्ता के तनु मोबाइल सेंटर का भी चोरों ने ताला तोड़ने का प्रयास किया।
