संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Mon, 29 May 2023 10:55 PM IST
बांदा। बेटे के साथ भतीजी की शादी में शामिल होने जा रही बाइक सवार महिला को लोडर ने टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटा दोनों गंंभीर घायल हो गए। सीएचसी बबेरू में महिला ने दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर हालत में पुत्र को भर्ती कराया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पडर्ाी गांव निवासी विजया उर्फ बिज्मा (42) रविवार की शाम चार बजे अपने बड़े बेटे दीपक यादव के साथ बाइक से अपनी भतीजी अंजू की शादी में शामिल होने कमासिन थाना क्षेत्र के साड़ी गांव जा रहीं थी।
कोतवाली क्षेत्र के सपहाई गुरौली गांव में पास पीछे से आए लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे गिरकर मां-बेटा गंभीर घायल हो गए। दीपक हेलमेट लगाए था इसलिए उसके सिर में चोट नहीं आई। जानकारी मिलने पर परिजन दोनों को लेकर बबेरू सीएचसी पहुंचे।
यहां विजया ने रात आठ बजे के करीब दम तोड़ दिया। मृतका के पति राजकुमार यादव ने बताया कि साले की पुत्री अंजू की शादी 29 मई को है। मृतका के दो पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि लोडर की टक्कर से हादसा हुआ है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
