इमारत में 30 प्रतिशत कार्य अभी तक बाकी, जुलाई तक पूरा होने है काम
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सूबे के उपमुख्यमंत्री स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के कड़े निर्देश के बाद भी मेडिकल कॉलेज का निर्माण गति नहीं पकड़ पा रहा है। अभी करीब तीस फीसदी काम शेष रह गया जबकि मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी सत्र से शुरू करने के आदेश हैं। सहायक अभियंता का कहना है कि अभी तीन माह का समय और लग जाएगा।
जनपद में मेडिकल कॉलेज का कार्य अगस्त 2021 को ग्राम अमरपुर में प्रारंभ किया गया था। वर्ष 2022 के अंत तक मेडिकल कॉलेज का कार्य पूर्ण होना था। लेकिन, ठेकेदार की लापरवाही के चलते कार्य धीमा होने से निर्माणकार्य में देरी हुई। हालांकि समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। लेकिन, फिर भी बीते वर्ष में मेडिकल कॉलेज की इमारत का कार्य पूर्ण नहीं किया गया है।
ऐसे में मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण की समय सीमा बढ़ाकर जुलाई कर दी गई। लेकिन, वर्तमान प्रगति को देखकर ऐसा नहीं लग रहा है, कि मेडिकल कॉलेज का कार्य समय से पूर्ण हो जाएगा। क्योंकि अभी तक सिर्फ 70 प्रतिशत ही कार्य हुआ है। तीस प्रतिशत कार्य अभी बाकी है।
कैसे होगी मेडिकल के विद्यार्थियों की पढ़ाई
शासन वर्तमान वर्ष में मेडिकल कॉलेज में शैक्षिक कार्य प्रारंभ करने की घोषणा कर चुका है। चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग ने इसको लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। लेकिन इमारत जब पूर्ण नहीं होगी, तो शैक्षिक कार्य कैसे हो पाएगा। इससे निपटने के लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को कोई नई रणनीति बनानी होगी।
मेडिकल कॉलेज का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, शैक्षिक कार्य प्रारंभ होने के पूर्व लैब, हॉस्टल, लेक्चर थियेटर तैयार कर दिए जाएंगे। जिससे प्रथम वर्ष की पढ़ाई प्रारंभ हो सके। सितंबर माह में इमारत को पूर्ण कर दिया जाएगा। -नवनीत राजपूत, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग।
