तिंदवारी। जल संस्थान की ओर से कस्बे के 10 मोहल्लों के करीब डेढ़ हजार घरों को जलापूर्ति की जाती है। पिछले कई माह से दुर्गंध युक्त पानी आने की शिकायत कस्बेवासियों ने जल संस्थान के अधिकारियों से की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
कस्बा निवासी डॉ. योगेंद्र गुप्ता के यहां कई दिन से धीमा पानी आ रहा था। उन्होंने बुधवार सुबह जलापूर्ति वाले नल की टोटी को कचड़ा होने की आशंका से खुलवाया, इस पर उसमें हड्डियां निकली हैं। इन हड्डियों की लंबाई करीब तीन से चार इंच की है। आशंका है कि टंकी के ढक्कन खुले होने पर जलापूर्ति के दौरान किसी पक्षी के मरने की वजह से हड्डियां आईं होंगी।
धीरेंद्र कुमार, शिवप्रताप, रामकुमार, शिवबली, रामनिवास, रामसखी, भरतलाल, जवाहर, किशुन आदि ने जल संस्थान कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जल संस्थान के अवर अभियंता राघवेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही टंकी की सफाई भी करवाई जाएगी।
