संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Fri, 02 Jun 2023 12:01 AM IST
बांदा। महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। शादी के सात साल बाद भी उसके कोई संतान नहीं थी। उधर, मृतका के पिता ने ससुरालियों पर बेटी के साथ मारपीट की आशंका जताई है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव निवासी सतरूपा (25) ने मंगलवार की शाम छह बजे के करीब घर में साड़ी से छप्पर की धन्नी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के ससुर छबिलाल ने बताया कि 27 जून 2017 को पुत्र तीरथ के साथ शादी हुई थी। शादी के सात साल गुजर जाने के बाद भी उसके कोई संतान नहीं हुई। इस पर वह मानसिक रूप से बीमार भी रहने लगी थी।
उसका इलाज भी चल रहा था। इसी के चलते उसने फंदा लगाया है। मृतका का पति मजदूरी करता है। उधर, बिसंडा थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी मृतका के पिता नत्थू ने बताया कि ससुराल वाले उसकी पुत्री को मायके नहीं भेजते थे। उन्होंने घटना से पहले उसके साथ मारपीट की आशंका जाहिर की है। हालांकि तहरीर नहीं दी है। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। परिजनों ने पुलिस को देर से सूचना दी थी। पहले वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे। बाद में सूचना दी तब बुधवार को पंचनामा भरा गया। इसलिए पोस्टमार्टम कराने में देरी हुई है।
