बांदा। घर से बाजार गई किशोरी को अगवा कर सूरत ले गए युवकों ने उसके साथ 14 दिनों तक दरिंदगी की थी। मोबाइल हाथ में लगते ही पीड़िता ने मां को आपबीती बताई। मां ने अपने भाई व रिश्तेदार को बेटी के बताए पते पर भेजकर छुड़वाया। गुरुवार को कोतवाली पहुंची पीड़िता के पुलिस ने बयान दर्ज कर शुक्रवार को डॉक्टरों के पैनल से मेडिकल परीक्षण कराया।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी 16 वर्षीय किशोरी 14 मई को घर से चौराहे में सब्जी खरीदने निकली थी। इसके बाद से लापता थी। पीड़ित मां ने 15 मई को अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 28 मई को किशोरी ने मां को फोन किया। बताया कि सब्जी खरीदते समय पन्ना (मध्य प्रदेश) के बरौली का रहने वाला गुड्डू खां उसे मिला और मुंह में रुमाल लगाकर बेहोश कर दिया।
जब उसे होश आया तो वह कालिंजर में थी। इसके बाद उसका एक साथी और आ गया। दोनों उसे बरौली ले गए। वहां खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। इससे रात भर बेहोश रही। 15 मई की सुबह अतर्रा रेलवे स्टेशन से ट्रेन में गुजरात ले गए। सूरत के गणेश नगर मोहल्ले में उसे रखा था। गुड्डू और उसके दो साथी लगातार दुष्कर्म करते रहे। दिन में कमरा बंद कर चले जाते थे।
किशोरी ने बताया कि उसके मोबाइल फोन का सिम निकालकर छिपा दिया था। खोजने पर सिम मिला है तो फोन किया है। मां ने गुजरात में रहने वाले भाई को घटना बताई। इसके बाद उसे व वहीं रह रहे दामाद को किशोरी को लाने भेजा। 30 मई को किशोरी को वहां से मुक्त कराया गया। गुरुवार को उसे नरैनी कोतवाली लाकर बयान दर्ज कराए गए।
शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। डॉ. ऋतंभरा समेत तीन डॉक्टरों के पैनल से मेडिकल किया। डॉ. ऋतंभरा ने बताया कि किशोरी की स्लाइड बनाई गई है। मामला 15 दिन पुराना है। नरैनी कोतवाल अरविंद सिंह गौर ने बताया कि किशोरी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बांदा। किशोरी ने बताया कि उसके मोहल्ले में रहने वाली एक मुस्लिम महिला के घर वह आती-जाती थी। महिला ने कई बार मोबाइल फोन पर उसकी बात पन्ना निवासी गुड्डू से कराई थी इसलिए वह उसे जानने लगी थी।
आरोपी युवक करतल रोड में रेडीमेड कपड़े की दुकान में काम भी करता था। किशोरी ने बताया कि अपहरण कर ले जाने वाले युवक ने सूरत में जिस मकान में उसे रखा था, उसके मकान मालिक से किशोरी को पत्नी बताया था। जब किशोरी के मामा और जीजा लेने पहुंचे तो मकान मालिक ने विरोध किया था। पूरी बात बताने पर उसे ले जाने दिया था।
