जिला प्रशासन की तरफ से पूर्व में कराई पैमाइश पर अपर मुख्य सचिव पशुपालन ने जताई आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्राम सैदपुर में बल्क ड्रग पार्क प्रस्तावित है, इस पार्क के निर्माण के लिए पशुपालन विभाग की भूमि चिह्नित की गई थी। इस पर अपर मुख्य सचिव पशुपालन ने आपत्ति जताई है। ऐसे में जिलाधिकारी ने नए सिरे से पैमाइश करने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए हैं।
बल्क ड्रग पार्क शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। वर्ष 2021 में इसकी घोषणा हुई थी। मड़ावरा तहसील के सैदपुर गांव में दो हजार एकड़ जमीन में इस बल्क ड्रग पार्क का निर्माण प्रस्तावित किया गया था। शासन से आई टीम ने हाल ही में सैदपुर में पशुपालन विभाग के फार्म हाउस का सर्वे और निरीक्षण किया था। पशुपालन विभाग की मौके पर दो हजार एकड़ भूमि है, उसमें से वह बल्क ड्रग पार्क निर्माण के लिए 15 सौ एकड़ भूमि देने को तैयार है। शेष भूमि उन्होंने वहां पर पशुओं के लिए आरक्षित कर रखी थी।
जिलाधिकारी ने भूमि की पैमाइश कराने के साथ ही शासन को पशुपालन विभाग से 15 एकड़ भूमि का नक्शा तैयार करवाकर शासन को भेज दिया। लेकिन, पशुपालन विभाग के लिए यहां पर महज पांच सौ एकड़ भूमि छोड़ी जा रही है, उसको लेकर अपर मुख्य सचिव पशु पालन विभाग ने आपत्ति दर्ज कराई है।
इसको लेकर शुक्रवार को पशुपालन विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है।
पशुपालन विभाग के सैदपुर फार्म पर 1200 जानवर
वर्तमान में पशुपालन विभाग के सैदपुर स्थित फार्म हाउस में 600 गोवंश, 400 बकरी व 200 सूकर हैं। विभाग इनकी नीलामी समय-समय पर करता है, साथ ही सरकारी योजनाओं में चयनित किसानों को भी पशु दिए जाते हैं।
अपर मुख्य सचिव पशुपालन विभाग ने जनपद स्तर से बल्क ड्रग पार्क के अधिग्रहण के लिए तैयार किए गए नक्शे पर आपत्ति जताई है। नए सिरे से नक्शा तैयार किया जा रहा है, जो जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा।
एसके पांडेय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी।
