Spread the love


तिंदवारी (बांदा)। नेशनल हाईवे पर पुल के जॉइन्टर के गड्ढे में पहिया जाने से कार बेकाबू हो गई। देखते ही देखते कई बार पलटने के बाद कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दंपती ( जज व चिकित्सक ) घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकालकर पूर्व प्रधान ने अस्पताल में भर्ती कराया।

कौशांबी के पूरब शरीरा निवासी डॉ. उमेश चंद्र कर्वी के बरवारा पीएचसी में चिकित्साधिकारी हैं। वह शुक्रवार को कानपुर से पत्नी (कानपुर महानगर में मजिस्ट्रेट) जज रेवा को लेकर बरवारा पीएचसी जा रहे थे। रास्ते में तिंदवारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बेंदा के उसरा नाले के पुल के ज्वाइंटर में बने गड्ढे में जाने से कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद पलटते हुए खाईं में जा गिरी।

इसमें कार चला रहे डॉ. उमेश (35) व उनकी पत्नी रेवा (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब आधा घंटे तक एंबुलेंस के न पहुंचने पर पूर्व प्रधान विवेक कुमार सिंह ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे दंपती को बाहर निकाला। दोनों को पीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से उन्हें कानपुर के रीजेंसी हॉस्पिटल ले जाया गया।

उसरा नाले के ज्वाइंटर में बने गड्ढे में दो माह में छह लोग घायल हो चुके हैं। इसमें अप्रैल माह में बाइक सवार रायबरेली निवासी कृष्ण कुमार (36) अपनी मां कुसमा (60) को लेकर बांदा जाते समय घायल हो गए थे। जौहरपुर निवासी सुरेश (28) और शैलेंद्र (32), बहुआ निवासी सुरेश गुप्ता (47) और 14 मई को शिवपूजन गौर (44) घायल हुए हैं। सभी बाइक सवार इसी ज्वाइंटर पर अनियंत्रित होकर गिरने से घायल हुए हैं। (संवाद)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *