संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Sun, 04 Jun 2023 12:59 AM IST
– शुक्रवार रात से लापता थे, पास में पड़ी थी क्षतिग्रस्त बाइक
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्राम हीरापुर तिगैला के पास झाड़ियों में शनिवार की सुबह शिक्षक का शव मिला। घटनास्थल के पास ही उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने शिक्षक की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से होने की बात कही है।
कस्बा बांसी के रामचंद्र मिश्र उर्फ संतोष ब्लाक बार के गांव मथुराडांग के मजरा कसर में स्थित प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक थे। शुक्रवार दोपहर रामचंद्र अपने घर से हीरापुर गांव आम लेने गए थे। शाम करीब पांच बजे जब परिजनों ने फोन किया तो उन्होंने जल्द ही घर पहुंच जाने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद वह रात भर घर नहीं आए। रात को परिजनों ने उनकी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह उनका शव हीरापुर तिगेला के पास मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि सड़क किनारे मोटर साइकिल पड़ी थी और संतोष सड़क के किनारे गहराई में पत्थरों के बीच पड़े थे। उनके सिर और हाथ में चोटें थी। मृतक के एक पुत्र व दो पुत्रियां है। पुलिस ने बताया कि शिक्षक के पुत्र शिवम मिश्र की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
