मूंग की फसल की देखभाल में लगा था किसान
मड़ावरा थाना अंतर्गतके बुदनी गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खेत में काम करने के दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से एक किसान करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम बुदनी निवासी रतीराम (40) पुत्र श्यामलाल शनिवार की सुबह अपने खेत में बोई गई मूंग की फसल के बीच काम कर रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर रतीराम के ऊपर गिर गया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और आहत होकर गंभीर घायल हो गया। आसपास मौजूद चरवाहों ने जब घटना को देखा तो वह मौके पर पहुंचे। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन फानन में रतीराम को लेकर कस्बा मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रिफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने रतीराम के शरीर का परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई-दो बहनों में तीसरे नंबर का था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। पांच एकड़ भूमि पर वह खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था।
