
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
बांदा जिले में कमासिन थाना क्षेत्र के जगऊं टोला लखनपुर गांव में नट बाबा नामक स्थान पर कौशांबी जिले के दंपती के शव संदिग्ध हालत में रविवार सुबह पांच बजे पड़े मिले। दोनों 15 दिन से घर से लापता थे। ग्रामीणों की सूचना पर एसपी अभिनंदन ने निरीक्षण किया। घटना स्थल से जहर का पैकेट और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। एसपी ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्रित कराए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया खुदकुशी मान रही है।
कमासिन थाना क्षेत्र के उगऊं टोला लखनपुर गांव निवासी फूलकली और हरिया रविवार सुबह करीब पांच बजे बागों की तरफ आम बीनने निकलीं थी। जैसे ही वह गांव के बाहर नट बाबा के स्थान के पास पहुंचीं। उन्हें एक युवक और एक युवती का शव पड़ा दिखा। उनके चीख पुकार मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। कमासिन थानाध्यक्ष राकेश सिंह की सूचना पर एसपी अभिनंदन फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। युवक का शव हैंडपंप के पास मिला। उसके शरीर पर बनियान था, नीचे का हिस्सा नग्न था।
