चित्रकूट। माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे विधायक अब्बास अंसारी और बहू निखत बानो की जेल में गैरकानूनी मुलाकात कराने के आरोपी सपा नेता के आवास पर सोमवार को बुलडोजर चलाया गया। चार फीट 11 इंच का अतिक्रमण हटाया गया है। सपा नेता के पिता ने प्रशासन की इस कार्रवाई को एकतरफा व जबरन बताया है। सुरक्षा के लिहाज से नेशनल हाईवे पर पुलिस ने एक घंटे से ज्यादा समय तक बड़े वाहनों का आवागमन रोके रखा।
जिला मुख्यालय निवासी सपा नेता फराज खान को 20 फरवरी को चित्रकूट पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फराज पर माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी व बहू निखत बानो की जिला कारागार में गैर कानूनी तरीके से मदद करने का आरोप है। फराज खान अभी भी लखनऊ जेल में बंद है। इसी आरोप में एक और सहयोगी कैंटीन सप्लायर नवनीत सचान भी जेल में है।
फराज की गिरफ्तारी के बाद 24 मार्च को चित्रकूट विशेष क्षेत्र प्राधिकरण ने एक नोटिस जारी कर आवास के बाहर अतिक्रमण हटाने को कहा था। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने फराज के आवास में कुछ हिस्सा नक्शे के विपरीत था तो कुछ बढ़ाकर बनाया गया था। 27 मई को मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर और उप जिलाधिकारी राजबहादुर की मौजूदगी में फराज के घर की नाप जोख फिर से कराई गई थी।
सोमवार सुबह नौ बजे उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर, क्षेत्राधिकारी सदर हर्ष पांडेय, कर्वी कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी, नगर पालिका के ईओ लालजी व विकास प्राधिकरण के जेई आनंद प्रकाश द्विवेदी ने मकान में अनाधिकृत तौर पर चिन्हित किए गए चार फीट 11 इंच के हिस्से को बुलडोजर के जरिए गिरा दिया। पूरी कार्रवाई साढ़े 11 बजे तक चली।
सपा नेता के पिता मुन्ने खां ने बताया कि यह प्रशासन की मनमानी व गैरकानूनी कार्रवाई है। उन्हें सोमवार को बुलडोजर लाने के पूर्व कोई नोटिस नहीं दिया है। उन्होंने प्रशासन की ओर से चिन्हित बरामदे व दुकान को पहले ही खाली कर दिया था।
