Spread the love


– टंकियां न भरने से 20 से ज्यादा मोहल्लों में पेयजल संकट

संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। जल निगम ने महानगर की 30 हजार आबादी की प्यास बुझाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर बराठा बेसिन पेयजल योजना बनाई है। लेकिन इस योजना के संचालन में बिजली विभाग रोड़ा लगा रहा है। पर्याप्त बिजली न मिलने से तीन जोन की टंकियां नहीं भर पा रही हैं।

कोछाभांवर, मेडिकल कॉलेज, गुमनावारा जोन को बराठा पेयजल परियोजना से पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन परियोजना के संचालन के लिए बिजली नहीं मिल रही है। यहां 16 घंटे बिजली आपूर्ति होनी चाहिए लेकिन बमुश्किल आठ से दस घंटे ही बिजली मिल पा रही है।

इससे कोछाभांवर, मेडिकल काॅलेज, गुमनावारा, जेडीए कॉलोनी, करगुवां जी, कुम्हार का कुआं, मैरी, अंसल कॉलोनी, महाराणा प्रताप नगर, वीरांगना नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच पाता है। जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक अगर बिजली विभाग द्वारा लगातार 16 घंटे बिजली की आपूर्ति की जाए तो क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिलने लगेगा। हर बार इसके लिए पत्राचार किया जाता है लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है।

वर्जन

पर्याप्त बिजली न मिलने की वजह से टंकियां नहीं भर पाती हैं। इसके लिए पत्र लिखा गया है। अब धीरे-धीरे व्यवस्था में सुधार हो रहा है। हालांकि पर्याप्त बिजली फिर भी नहीं मिल रही है। – वीरेंद्र यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम

क्षेत्र में 20 घंटे बिजली सप्लाई की जा रही है, कभी-कभी फॉल्ट आने की वजह से बिजली ट्रिप होती है। जल निगम संयुक्त फीडर या जनरेटर की व्यवस्था कर लेगा तो सप्लाई सुचारू हो सकेगी। – शैलेंद्र कटियार, अधिशासी अभियंता बिजली विभाग

बातचीत

– मोहल्ले में महज 20 से 25 मिनट ही पानी आता है जो कि पर्याप्त नहीं हो पाता है। मजबूरी में दूरदराज से पानी लाना पड़ता है। – नरेश परिहार

– गर्मियों में पानी की बहुत परेशानी होती है। ऐसे में जल निगम की टंकियों से पानी आता है तो ऊंचाई वाले क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाता है। – साहिल यादव



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *