परिजनों ने मानसिक बीमारी के चलते बांध में कूदकर की आत्महत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रात को घर से लापता हुए युवक का शव मंगलवार को गोविंद सागर बांध में उतराता हुआ मिला। परिजनों ने मानसिक बीमारी के चलते आत्महत्या करना बताया है।
शहर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी राघवेंद्र उर्फ सेतु (24) पुत्र ध्यानीराम का शव दोपहर में गोविंद सागर बांध में मिला। मृतक के भाई अंकित ने बताया कि राघवेंद्र करीब डेढ़ वर्ष से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। उसका इलाज भी चल रहा था।
सोमवार की रात वह कमरे में सो रहा था। जबकि घर के अन्य लोग छत पर सो रहे थे। रात को राघवेंद्र ने मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ा और बाहर चला गया। मंगलवार की सुबह सभी लोग सोकर उठे तो ताला टूटा मिला। राघवेंद्र के लापता होने से उसे ढूंढा गया, लेकिन वह नहीं मिला। इस बीच दोपहर में लोगों को बांध के पानी में राघवेंद्र की चप्पल उतराती दिखी।
यह देख इसकी सूचना उसके परिजनों व पुलिस को दी गई। पुलिस ने बांध के पानी में खोजबीन शुरू कर दी। उधर, दोपहर करीब 12 बजे राघवेंद्र का शव उतराते हुए पानी से बाहर आ गया। मृतक के भाई ने मानसिक बीमारी के चलते बांध में कूदकर आत्महत्या करने का कारण बताया है। मृतक दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रेलवे ग्रुप डी का टेस्ट पास कर चुका था
परिजनों ने बताया कि राघवेंद्र पढ़ने में होशियार था। कुछ समय पूर्व उसने रेलवे विभाग में नौकरी के लिए ग्रुप डी की परीक्षा की थी। जिसमें वह उत्तीर्ण हो गया था। सिर्फ उसका फिजिकल टेस्ट होना बाकी था।
