परिजनों ने विपक्षियों पर लगाए आत्महत्या को उकसाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विवाद के बाद पुलिस द्वारा थाना लाए गए और रात्रि को थाने से छूटकर घर पहुंचने वाले युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने गांव के एक व्यक्ति पर चोरी का झूठा इल्जाम लगा देने के चलते आत्महत्या कर लेने का आरोप लगाया है।
कस्बा जाखलौन निवासी विपिंद्र (24) पुत्र रामप्रकाश कुशवाहा गांव में स्थित एक फार्म हाउस पर चौकीदारी का कार्य करता था और वहीं पर निवास भी करता था। बुधवार की सुबह उसका शव यहां पर आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना के बारे में मृतक के भाई धमेंद्र ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने विपिंद्र पर चोरी का झूठा इल्जाम लगाया था और पुलिस से शिकायत भी कर दी थी।
दोनों पक्षों को लेकर पुलिस मंगलवार को थाना पहुंची थी। यहां पर दोनों ही पक्षों की बात सुनकर पुलिस ने रात्रि करीब 11 बजे उनके परिजनों को थाना बुलाकर सुपुर्द कर दिया था। साथ में दोनों से ही बुधवार को थाना आ जाने की बात कही थी। इसके बाद विपिंद्र फार्म हाउस पर चला गया था। यहां बुधवार को उसका शव फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई ने विपक्षी द्वारा चोरी का झूठा इल्जाम लगाए जाने से क्षुब्ध होकर विपिंद्र द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि परिजनों ने पुलिस के ऊपर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। मृतक तीन भाई-एक बहिन में तीसरे नंबर का था।
कबाड़ी को सामान बेचने की बात को लेकर हुआ था विवाद
मृतक विपिंद्र ने किसी कबाड़ी से पीतल का सामान बेचने की बात कही थी। इस बात की जानकारी मंगलवार को दूसरे पक्ष जिसकी चोरी हुई थी उसे पता चली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इस पर दूसरे पक्ष ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी थी। डायल-112 पुलिस के द्वारा दोनों युवकों को थाने लाया गया था। यहां पुलिस के द्वारा दोनों पक्षों से ही बातचीत की गई थी। जिसमें कोई ठोस कारण निकलकर जब सामने नहीं आया तो पुलिस ने रात्रि करीब 11 बजे दोनों पक्षों के परिजनों को थाना बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया था।
फांसी के फंदे पर लटके मिले युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के परिजनों द्वारा विपक्षी पर आत्महत्या को उकसाने के आरोप के संबंध में अभी कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। शिकायती पत्र मिलने के बाद जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजा दिनेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना जाखलौन
