17 मई को हो गई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
मड़ावरा (ललितपुर)। मृतक सफाईकर्मी के परिवार की मदद के लिए ब्लॉक स्टाफ आगे आया है। एडीओ पंचायत की मौजूदगी में मृतक की पत्नी को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि सौंपी गई।
17 मई को कस्बे के राधा कृष्ण मंदिर के समीप मध्य प्रदेश के ग्राम नौगांव (छतरपुर) निवासी राकेश पुत्र सुरेश अहिरवार की किराये के मकान में मौत हो गई थी। मौत के कुछ दिन पहले तक ब्लॉक मड़ावरा के धवा गांव में तैनात रहा था। इसके बाद उसका स्थानांतरण महरौनी ब्लॉक में हो गया था। घर के मुखिया की मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति पर खासा असर पड़ा है।
इसी को ध्यान में रखते हुए बीडीओ सौरभ कुमार बर्नवाल व एडीओ पंचायत पंकज कुमार शर्मा के विशेष सहयोग से सफाई कर्मी संघ इकाई मड़ावरा ने मृतक की पत्नी को ब्लॉक पर 51 हजार रुपये सहायता राशि देकर मदद की। साथ ही एडीओ पंचायत ने मृतक के बच्चे व पत्नी को हर प्रयास सहयोग करने का आश्वासन देकर ढांढस बंधाया।
बीमारी से जूझ रही महिला की मदद
ग्राम पंचायत बारचौन के राजस्व गांव बुदनी नाराहट में तैनात सफाई कर्मी प्रमोद कुमार की बीमार पत्नी के लिए भी विकासखंड के स्टाफ ने 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि देकर मदद की। उनकी पत्नी लंबे समय से रीड की हड्डी में खराबी के चलते उपचार चल रहा है। इस दौरान ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एसवीएम विजय दुबे, सफाई कर्मी संघ ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार, कालूराम सेन, हरवंश अहिरवार, निरपत कुमार आदि मौजूद रहे।
