बुंदेलखंड विकास सेना बैठक में गूंजा मामला
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बुंदेलखंड विकास सेना की कंपनीबाग में हुई बैठक में गोशालाओं में मूक पशुओं के निवाले में रिश्वत लेने के आरोपी प्रभारी सीवीओ को गिरफ्तार कर बर्खास्त करने की मांग की गई।
संस्था प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने कहा कि हाल ही में हटाए गए प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने चारा भूसा की सप्लाई को फर्जी दिखाने और खराब भूसा सप्लाई के एवज में ठेकेदार से लाखों रुपये की घूस लेने का वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने सबूत को दरकिनार कर कार्रवाई के नाम पर रस्म अदायगी कर दी गई । जबकि तत्काल एफआईआर दर्ज कर उक्त अधिकारी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि यदि इस घोटाले की व्यापक जांच की जाए तो बिहार का चारा घोटाला भी बौना साबित होगा। सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति को अपनाते हुए इस घोटाले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों का भंडाफोड़ किया जाए एवं भ्रष्ट अधिकारियों को बर्खास्त कर जेल भेजा जाए।
वरिष्ठ सदस्य राजमल बरया, कदीर खां , राजकुमार कुशवाहा, अमरसिंह बुंदेला, मुन्ना महाराज त्यागी, विनोद साहू , प्रदीप पंडित, भैय्यन कुशवाहा, प्रदीप साहू, हनुमत पहलवान, पुष्पेंद्र शर्मा , विक्की सोनी, नंदराम कुशवाहा , खुशाल बरार, कामता शर्मा आदि मौजूद रहे।
