महिला का आरोप… महिला उपनिरीक्षक और महिला पुलिस कर्मियों ने चप्पल से पीटा, जहर पीने के लिए किया मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोतवाली सदर के परिसर में बुधवार को महिला ने जहर पी लिया। यह देखकर वहां हड़कंप मच गया। आननफानन महिला को पुलिसकर्मी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां महिला ने कोतवाली में तैनात महिला उपनिरीक्षक सहित महिला सिपाहियों पर चप्पल से पिटाई करने का आरोप लगाया। महिला को मेडिकल कॉलेज, झांसी रेफर कर दिया गया।
कोतवाली सदर के ग्राम रजवारा निवासी मालती (50) पत्नी हरनारायण राय ने बताया कि बुधवार को उसके घर में एक युवती आकर विवाद करने लगी थी। इसकी शिकायत महिला की बेटी ने पुलिस से की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया था। यहां पर युवती व उसके पुत्र को पुलिस बैठाए हुए थी। युवती का कहना था कि वह उसके पुत्र की पत्नी है और वह उसे घर में नहीं रख रहा था।
इसी बात को लेकर पुलिस युवती को घर में रखने का दबाव उसपर बनाने लगी थी। उसने मना किया तो यहां तैनात महिला उपनिरीक्षक और महिला सिपाहियों ने उसे चप्पलों से पीटा व बेइज्जत किया। मालती ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस को उसने बताया था कि उसके पुत्र की पूर्व में शादी हो चुकी है। पुलिस कोई बात सुनने को तैयार नहीं हो रही थी। मालती ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जहर पीने पर विवश किया है।
युवती भी पहुंची अस्पताल, पहली पत्नी होने का किया दावा
जब जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मालती, उसका पुत्र व पुत्री मौजूद थे। तभी वहां पर युवती भी पहुंच गई। यहां उसने बताया कि वह मालती के पुत्र की पहली पत्नी है। उसका विवाह 2019 में हुआ था और एक पुत्र भी है। युवती ने बताया कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। लेकिन वह लोग उसे रखने को तैयार नहीं है। बुधवार को जब वह घर पहुंची तो यहां पर मालती, उसके पुत्र व पुत्री ने उसके साथ गाली गलौज कर अपमानित किया और मारपीट भी की। जिसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से की थी। जिस पर उसे व उसके पति को कोतवाली बुलाया गया था।
कोतवाली में युवती ने काटा था हंगामा
कोतवाली में जब पुलिस युवती व दूसरे पक्ष को बैठाकर बातचीत करते हुए पूरी घटना की जानकारी ले रही थी। तब युवती काफी चीख चिल्ला रही थी और युवक पर उसे धोखा देने सहित बच्चा उसका होने की बात कह रही थी। जब युवक ने बच्चा होने की बात को नकारा तो युवती ने उसका डीएनए कराने की बात कही थी। इसके साथ यह भी कह रही थी कि युवक उसे भोपाल में किराए पर रखे रहा। इसके बाद वह एक वर्ष तक उक्त घर में भी रही है।
दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा है। जिसमें मुकदमा दर्ज है और चार्जशीट भी लग चुकी है। युवती को जब खर्चा नहीं मिलता तब वह घर पहुंच जाती है। बुधवार को युवती घर पहुंची थी। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों को एफआईआर के लिए बुलाया गया था। यहां महिला ने प्रभारी निरीक्षक को बताया कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। यहां महिला ने पुलिस पर मारपीट करने और जहर खाने के लिए विवश करने का आरोप लगाया। मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके कार्रवाई की जाएगी।
अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी, सदर
