बांदा। शहर के कालू कुआं चौराहे पर ओवरब्रिज की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ओवरलोड बालू से भरा ट्रक पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसकर हनुमान मंदिर के ऊपर ही पलट गया। इससे हनुमान प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर हिंदू संगठन के लोगों ने जमकर हंगामा किया। नए मंदिर स्थापना की मांग पर जाम लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद अधिकारियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कालू कुआं चौराहे पर प्राचीन हनुमान मंदिर स्थित है। नो इंट्री होने के बावजूद बुधवार की रात साढ़े आठ बजे के करीब ओवरब्रिज की ओर से आया बालू से भरा ओवरलोड ट्रक कालू कुआं चौराहे पर पाइप लाइन के गड्ढे में फंसकर मंदिर के ऊपर पलट गया। बजरंग दल जिला संयोजक अंकित पांडे व भाजपाई अंकित बासू भीड़ के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताते हुए कहा कि नो इंट्री रात नौ बजे तक रहती है। ऐसे में साढ़े आठ बजे बालू से ओवरलोड ट्रक शहर में कैसे घुसा।
उन्होंने नया मंदिर व नई मूर्ति लगाए जाने की मांग पर हंगामा किया। कुछ ही देर में नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार और सीओ सिटी गवेंद्र पाल गौतम मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। अधिकारियों ने जेसीबी बुलाकर पलटे ट्रक को सड़क से अलग कराया।
तकरीबन दो घंटे तक कालू कुआं चौराहे से आवागमन बाधित रहा। बजरंग दल जिला संयोजक अंकित पांडेय की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि विवेचना की जा रही है।
