
ट्रैक्टर से बांधकर मृत गायें घसीटीं
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के दातागंज तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुरखेड़ा की गोशाला में संरक्षित पशुओं की दुर्दशा सामने आई है। इस गोशाला में बृहस्पतिवार को दो गाय भूख-प्यास से तड़प-तड़पकर मर गईं, जबकि एक गाय मरणासन्न है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिन से यहां गायों की मौत हो रही है। उनके शव गोशाला के पीछे घसीटकर डाल दिए गए हैं। बृहस्पतिवार को मरी दोनों गायों के शवों को भी ट्रैक्टर से घसीटकर नजदीक में फेंक दिया गया। इसकी सूचना पर डीएम ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
ग्राम पंचायत कुरखेड़ा की गोशाला में शुरुआत से ही लापरवाही बरती जा रही है। दो माह पहले डीएम मनोज कुमार ने स्वयं यहां का निरीक्षण किया था। तब अभिलेखों में गायों की संख्या ज्यादा पाई गई थी, लेकिन मौके पर गायों की संख्या बहुत कम मिली थी। इसके अलावा भूसे और चारे की व्यवस्था भी नहीं थी।
ग्राम पंचायत सचिव हो चुका है निलंबित
लापरवाही बरतने पर डीएम मनोज कुमार ने ग्राम पंचायत सचिव राज नारायण को निलंबित कर दिया था और ग्राम प्रधान राजश्री के अधिकार सीज कर दिए गए थे। इसके बाद गोशाला की जिम्मेदारी ब्लॉक कर्मचारी समूह कोआर्डिनेटर आदित्य दीक्षित को सौंप दी गई। उसके बाद से गायों की हालत और ज्यादा खराब हो गई।
