मोहल्लों में रहने वाले हजारों परिवारों को पेयजल की समस्या से मिलेगी निजात
शासन से निर्देश मिलने के बाद शुरू हो जाएगी टेंडर प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेेंसी
ललितपुर। शहर में करीब 12 मोहल्लों में पेयजल की समस्या से अब जल्द ही निजात मिल जाएगी। इसके लिए नगर पालिका 1.25 करोड़ रुपये से पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराएगा। इसके लिए शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। पाइप लाइन बिछाए जाने से इन मोहल्लों में रहने वाले हजारों परिवारों को पेयजल की समस्या से निजात मिल जाएगी।
शहर के लोगों को सालभर पेयजल समस्या के लिए दो चार होना पड़ता है। इसका कारण है शहर के मोहल्लों में बिछाई गई पाइप लाइन का काफी पुराना होना है। इस कारण लोअर जोन के मोहल्लों रामनगर, खिरकापुरा, इलाइट क्षेत्र, पिसनारी, बाईपास सहित अन्य मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच पाता। ऐसे में गर्मी के मौसम में तो हालत और खराब रहती है।
शहर के इन लोअर जोन वाले मोहल्लों में पेयजल के लिए मोहल्लेवासियों द्वारा कई बार प्रदर्शन और मांग की जाती रही है। मोहल्लेवासियों की मांग अब पूरी होने वाली है। कुछ माह पूर्व लोअर जोन के इन मोहल्लों में नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने की कार्ययोजना जल निगम के द्वारा तैयार की गई थी। इसके लिए सर्वे किया था। अब यह कार्ययोजना धरातल पर उतरने वाली है। इन एक दर्जन के करीब मोहल्लों में करीब 1.25 करोड़ रुपये से पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। शासन ने इसके लिए वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। शासन से निर्देश मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सबकुछ ठीक रहा तो इन लोअर जोन के मोहल्लों में जल्द ही नई पेयजल पाइप लाइन बिछाए जाने का काम शुरू हो जाएगा और यहां निवास करने वाले लोगों की वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या का निदान हो जाएगा।
दो ओवर हेड से होगी पानी की सप्लाई
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शहर के एक दर्जन मोहल्लों में बिछाई जाने वाली पेयजल पाइप लाइन के लिए दो ओवर हैड टैंक बनाए जाएंगे। साथ में एक जलाशय भी बनाया जाएगा। इनके द्वारा ही मोहल्लों में बिछाई जाने वाली पाइप लाइन के लिए पानी की सप्लाई की जाएगी।
शहर के एक दर्जन मोहल्लों में करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसकी वित्तीय स्वीकृति शासन से मिल चुकी है। शासन से निर्देश मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। – इं. अंकित पटेल, अवर अभियंता जल निगम
