विस्तार
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र में मामूली गड़बड़ी के बाद भी प्रवेश मिल सकेगा। इसके लिए परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी संबंधित दस्तावेज से सत्यापन करा सकते हैं। 15 जून को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2023 को आयोजित की होनी है। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। सचल दल, पर्यवेक्षक, परीक्षक आदि की तैनाती की जा रही हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय इस परीक्षा को आयोजित करा रहा है। प्रदेशभर में 1108 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 4,72,882 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हालांकि परीक्षार्थियों के परीक्षा फार्म में त्रुटि सुधारने के लिए समय दिया गया था। लेकिन, यदि कोई परीक्षार्थी फार्म में गलती सुधारने से वंचित रह गया है तो भी उसे परीक्षा देने का मौका मिल सकेगा। बीयू प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां की जा रही हैं।
परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा फार्म की गलती में सुधार संबंधित दस्तावेज दिखाकर सत्यापन करा सकते हैं और परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने कहा, उनकी कोशिश है कि परीक्षा फार्म के लिए आवेदन करने वाले हर परीक्षार्थी को परीक्षा देने का मौका मिले। हर परीक्षा केंद्र पर यह सुविधा दी जाएगी, कि परीक्षा फार्म की त्रुटि सुधारी जाए।
