बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के पुरानी तहसील स्थित सराफा बाजार में शनिवार को दोपहर अखबार पढने के बहाने आए युवक ने ज्वैलरी व नगदी से भरा बैग पार कर दिया। दुकानदार और बैग मालिक कुछ समझ पाते वह बैग लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी पर एसपी अभिनंदन पहुंचे, ज्वैलरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। कैमरे में आरोपी की फुटेज कैद हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के बिनवट गांव निवासी अनिल तिवारी शनिवार को बाजार करने बबेरू आया था। उसे 12 जून को बाकल जोगनी माता मंदिर में भंडारा व पूजा पाठ कराना था। वह शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे बाजार में स्थित श्रीराम ज्वैलर्स की दुकान में रखे अपने सामान को लेने गया।
दुकानदार से सामान लेकर उसने अपने बैग में रख लिया और दुकान में रखा पानी पीने लगा। इस बीच वहां अखबार पढने के बहाने आया एक 18 वर्षीय युवक बैग लेकर भाग निकला। अनिल तिवारी के मुताबिक बैग में 90 हजार रुपये कीमत के जेवरात, 25 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा था। दिनदहाड़े बीच बाजार हुई इस घटना की जानकारी लगने पर कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें एक युवक बैग ले जाता हुआ दिखा है। उधर, जानकारी पर एसपी अभिनंदन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी सीसीटीवी फुटेज देखे। उन्होंने इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि सभी चौकियों को अलर्ट कर नाकाबंदी करने की बात कही है। एसपी अभिनंदन ने बताया कि फुटेज में आरोपी दिख रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
