झांसी में औद्योगिक विकास मंत्री बोले – जो कलावा नहीं पहनते थे, आज जनेऊ दिखाते हैं
झांसी। औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि सपा सरकार में राम भक्तों पर गोलियां चलवाई गईं। आज उसी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव की शुरुआत सीतापुर से कर रहे हैं। नैमिषारण्य में मंदिर जाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। ये वे लोग हैं जो कलावा पहनना पसंद नहीं करते थे, आज जनेऊ पहनकर दिखा रहे हैं। सीतापुर से उन्हें आशीर्वाद नहीं, श्राप मिलेगा।
झांसी के दीनदयाल सभागार में व्यापारी सम्मेलन से पहले मंत्री नंदी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब अखिलेश पांच साल सरकार में थे तो उन्हें सोशल मीडिया और एकांत पसंद था। अब सड़क पर निकले हैं। उन्हें दिख रहा होगा कि उनके समय का जंगलराज समाप्त हो चुका है और अब यूपी का तेजी से हो रहा है। यूपी अब सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। विपक्षी दलों की भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव में साढ़े चार सौ सीटों पर घेरने की रणनीति पर बोले कि बीजेपी 2024 में साढ़े चार सौ से ज्यादा सीटें जीतेगी। क्योंकि, भाजपा का जनता के साथ गठबंधन है, जबकि विपक्षी दलों का आपस में ठगबंधन है।
लोगों ने बच्चों का नाम राहुल रखना बंद कर दिया
नंदी ने कहा कि आज भारत में कोई भी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को देश की बागडोर सौंपना नहीं चाहता है। पिछले 15 सालों से लोगों ने राहुल और पप्पू नाम रखना बंद कर दिया है। राहुल और पप्पू एक-दूसरे के पर्यायवाची हैं। राहुल गांधी लोगों का रोल मॉडल बन नहीं सकते। आज न तो अखिलेश, न मायावती और न ही ममता बनर्जी को लोग देश की बागडोर देना चाहते हैं। इसलिए 2024 में केंद्र में फिर से प्रचंड बहुमत से मोदी सरकार आएगी।
