Spread the love


बांदा/खप्टिहा कलां। खाली डंपर और गिट्टी और बालू से भरे दो ट्रकों की भिड़ंत में डंपर के क्लीनर की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य घायल हो गए। बालू से लदे ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर को कानपुर रेफर किया गया है।

महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के सुकौरा गांव निवासी क्लीनर विजय कुमार प्रजापति (26) डंपर ड्राइवर दीपक (25) के साथ रविवार सुबह साढ़े चार बजे कानपुर से बांदा आ रहा था। डंपर खाली था। चिल्ला थाना क्षेत्र के पास दोहतरा गांव के पास डंपर चालक दीपक को झपकी आने से बांदा की ओर से कानपुर जा रहे गिट्टी भरे ट्रक से भिड़ंत हो गई। इससे गिट्टी लदे ट्रक के पीछे चल रहा बालू से भरा ट्रक टकराकर पलट गया। हादसे में डंपर क्लीनर विजय कुमार प्रजापति की मौत हो गई।

डंपर ड्राइवर दीपक, गिट्टी के ट्रक का ड्राइवर मोहम्मद वकील निवासी बेनी स्टेशन बाबू गंज, थाना गौरीगंज जिला अमेठी मामूली घायल हो गए। बालू का ट्रक पलटने से ड्राइवर और क्लीनर की हालत गंभीर होने पर पुलिस ने एंबुलेंस से सीधे कानपुर भेज दिया। पुलिस को उनके नाम नहीं मिल पाए हैं।

मृतक क्लीनर के चाचा विशाल ने बताया कि वह दो भाइयों में छोटा व अविवाहित था। पिता देवीदीन मजदूरी करते हैं। घर का यही कमाऊ पूत था। उधर, थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि हादसा डंपर चालक को झपकी आने से हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

रविवार को सुबह साढ़े चार बजे हुए हादसे के बाद पांच बजे के करीब पुलिस पहुंच गई थी। थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि बांदा-कानपुर मार्ग पर हादसे की वजह से जाम लग गया था। आनन-फानन दो जेसीबी मंगाकर क्षतिग्रस्त डंपर व दोनों ट्रकों को सड़क से हटाया गया। इस दौरान करीब एक घंटा जाम लगा रहा। तकरीबन सात बजे जाम खुलवा कर आवागमन शुरू कराया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *