Spread the love


बांदा। बेटी की ससुराल में सुलह-समझौता कराने पहुंचे पिता और चाचा पर दामाद ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों को पीटकर घायल कर दिया। घायलों ने भागकर मटौंध थाने में शरण ली। पुलिस ने दोनों का जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराया है।

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी परशुराम पाल (55) रविवार को छोटे भाई राजाराम पाल (38) के साथ बेटी सुमन की ससुराल मटौंध थाना क्षेत्र के खैराडा गांव में आए थे। सुबह आठ बजे के करीब उन्होंने दामाद विचित्र पाल से सुमन को मारने पीटने का कारण पूछा। इस पर दामाद ने भाइयों के साथ उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

जिला अस्पताल में घायल परशुराम पाल ने बताया कि उन्होंने सुमन की शादी 18 साल पहले विचित्र पाल से की थी। पुत्री के दो पुत्र और एक पुत्री है। दामाद पुत्री को मारता पीटता है। उसे घर से निकाल दिया था। सुमन मायके में रह रही थी। पंचायत के बाद उसे एक माह पूर्व ससुराल भेजा था। यहां शनिवार की रात फिर दामाद ने मारपीट की। पुत्री ने बताया तो वह सुलह समझौता कराने आए थे।

थानाध्यक्ष रामदिनेश तिवारी ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी दामाद विचित्र व उसके दो भाइयों के खिलाफ मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर 151 में चालान भी किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *