घायल किशोरों की हालत में सुधार, आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पूंछ /झांसी। सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत के बाद दूसरे दिन भी पूंछ के ग्राम मड़ोरा खुर्द में मातम छाया रहा। कई घरों में तो चूल्हे भी नहीं जले। वहीं, घायल किशोरों की हालत में सुधार है। पुलिस ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मड़ोरा खुर्द निवासी किशोर अभिराज, अभिनव, अनुज, सुंदरम, आरव व आर्यन शुक्रवार सुबह सर्विस लेन के किनारे बैठकर योग कर रहे थे। इस दौरान कानपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर बेकाबू हो गया था। डंपर डिवाइडर को तोड़ता हुआ सर्विस लेन में जा घुसा था। जिससे योग कर रहे किशोर उसकी चपेट में आ गए थे। घटना में अभिराज, अभिनव व अनुज की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, सुंदरम, आरव व आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज जारी है। शनिवार को उनकी हालत में सुधार देखने को मिला। वहीं, घटना के दूसरे दिन भी ग्राम मड़ोरा खुर्द में मातम पसरा रहा। मृतक के घरों से चीख-पुकार सुनाई देती रही। लोग परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
………………………….
तालाब में डूबने से युवक की मौत
दोस्तों के साथ गया था मछली पकड़ने
अमर उजाला ब्यूरो
बबीना। थाना इलाके में तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई। मृतक दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया था। इस दौरान हादसे का शिकार हो गया।
बबीना के ग्राम सरबां निवासी मेहरबान राजपूत (35) शुक्रवार को गांव के विनोद, अंकित और रामदास के साथ मछली पकड़ने के लिए गांव कोटी चमऊआ गया था। उसे तैरना नहीं आता था। इस पर वह तालाब किनारे बाइक पर बैठ गया था। जबकि, दोस्त उसके पास मोबाइल और कपड़े रखकर तैरते हुए तालाब के दूसरी ओर चले गए थे। दोस्तों ने बताया कि जब वे वापस आए तो उन्हें मेहरबान नहीं मिला। उसके कपड़े और चप्पल तालाब किनारे पड़ी थीं। उन्होंने सूचना प्रधान और पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। रात में तालाब में उसकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल पाया। शनिवार सुबह उसका शव पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बता दें कि मृतक के तीन बच्चे 15 साल का सूरज, 10 साल की बेटी रचना और छह साल का बेटा आकाश है।
फालोअप…
पिस्टल लेकर न्यायालय परिसर में दाखिल होने पर कारोबारी के बेटे पर मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। न्यायालय परिसर में पिस्टल लेकर दाखिल होने के मामले में पुलिस ने चर्चित कारोबारी संजय वर्मा के बेटे संचित वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। न्यायालय सुरक्षा में तैनात प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें बताया कि वे शुक्रवार को ड्यूटी चेक कर रहे थे। इसी दरम्यान कोर्ट मोहर्रिर ने फोन कर बुलाया। पहुंचने पर बताया कि संचित वर्मा कोर्ट रूम के पास पिस्टल लेकर आ गया है। संचित से इस बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह गलती से पिस्टल लेकर आ गया था। जिसे बाहर भिजवा दिया गया है। इसके बाद वह माफी मांगने लगा। पुलिस ने संचित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाएगी। बता दें कि लखनऊ कोर्ट में हुए शूटआउट के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है।
