
Jeeva Murder Case
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पश्चिमी उप्र के कुख्यात माफिया संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा की कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े हत्या की असली वजह माफिया गुटों की आपसी लड़ाई मानी जा रही है। जीवा की हत्या के बाद उसके दुश्मनों का पता लगा रही पुलिस भी इसी दिशा में अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।
वहीं, अंडरवर्ल्ड में भी चर्चा है कि यह वारदात पश्चिम और पूर्वांचल के माफिया के नए गठजोड़ के बाद एक-दूसरे को दिया गया रिटर्न गिफ्ट है। इसकी शुरुआत माफिया मुख्तार के करीबी शूटर मुन्ना बजरंगी की हत्या से हुई थी।
यूपी के अंडरवर्ल्ड की गहरी जानकारी रखने वाले पुलिस अफसरों की मानें तो मुन्ना बजरंगी ने अपने साले पुष्पजीत को नए गैंग को संभालने का जिम्मा सौंपा था। पुष्पजीत ने जरायम की दुनिया में कदम रखने के बाद कई बड़े माफिया को सीधे चुनौती देना शुरू कर दिया था।
देवीपाटन मंडल के एक बाहुबली सांसद से कोयले की रैक उतारने को लेकर और पूर्वांचल के पूर्व बाहुबली सांसद से रेलवे के ठेकों को लेकर पुष्पजीत की तनातनी हुई थी। पूर्वांचल के पूर्व सांसद की मुख्तार और मुन्ना से पुरानी अदावत थी। दोनों ही एक-दूसरे के करीबियों को ठिकाने लगाते रहे। इस बीच पुष्पजीत की हत्या ने बड़ा उलटफेर कर दिया।
