संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Mon, 12 Jun 2023 11:22 PM IST
बबेरू। कस्बे में रविवार को 30 बैलगाड़ियों से 14 किलोमीटर की दूरी तय कर बराती दुल्हन की विदाई कराने पहुंचे। बैलगाड़ियों से पहुंची बरात कस्बा वासियों के लिए कौतुहल रही। बैलगाड़ियों से पहुंची बरात ने पुराने जमाने की शादियों की यादें ताजा कर दीं।
ब्लॉक के दफ्तरा गांव निवासी भारतीय किसान यूनियन (अरा.) के जिला महासचिव अवधेश सिंह पटेल के पुत्र अनूप कुमार की बरात बबेरू कस्बा जानी थी। रविवार को बरात पहुंची। दूल्हा समेत सभी बराती बैलगाड़ियों से कस्बा के एक मैरिज हाॅल पहुंचे।
गाड़ियों के साथ ही बैलों को भी सजाया गया था। इसके अलावा बराती भी किसानों की वेशभूषा में थे। अनूप की शादी मधुमिता पुत्री सनदकुमार निवासी ग्राम नरेन्द्रपुर कदरत नक्सर पारा दक्षिण 24 पारागंज के साथ तय हुई थी। वधू पक्ष उसे लेकर कस्बा के मैरिज हाॅल पहुंचा था। अवधेश सिंह पटेल ने बताया कि ऐसी शादियों से खर्च कम होता है और पुरानी परंपराएं ताजा हो जाती हैं।
