Spread the love


कार्यकर्ता पर कार्रवाई से पार्क में एकत्र हुए थे

उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। कार्यकर्ता पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई होने पर भीम आर्मी बिफर गई और सोमवार की दोपहर पार्टी के 50 से अधिक कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए जेल चौराहा स्थित आंबेडकर पार्क में एकत्रित हो गए। यहां भीम आर्मी और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

सोमवार की सुबह जेल चौराहा स्थित आंबेडकर पार्क में भीम आर्मी के एक जनपदीय कार्यकर्ता ग्राम कुम्हैडी निवासी कृपाल गौतम पर गैंगस्टर की कार्रवाई होने से आक्रोशित कार्यकर्ता विरोध जताने और प्रदर्शन करने के लिए जमा हो गए। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सूचना कोतवाली पुलिस को मिली तो कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए।

यहां शहर कोतवाल और भीम आर्मी के पदाधिकारियों के बीच बातचीत शुरू हो गई। भीम आर्मी के पदाधिकारी पूरे कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने की बात कर रहे थे। जबकि शहर कोतवाल भीड़ के साथ न जाकर कुछ लोगों को एसपी के पास जाने की बात कर रहे थे। लेकिन, भीम आर्मी पदाधिकारी पूरे कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय जाने की बात पर अड़े थे और लगातार नारेबाजी कर रहे थे।

पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता पुलिस सुरक्षा तोड़ने लगे। जब पुलिस ने उन्हें रोका तो वह पुलिस के साथ धक्का मुक्की करने लगे। पुलिस उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ता एसपी कार्यालय के बाहर पहुंचे। यहां से भीम आर्मी के पांच पदाधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार से मिले और उनके कार्यकर्ता के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई को लेकर रोष जताया।

एएसपी ने उन्हें निष्पक्ष जांच करने का भरोसा दिया। तब जाकर मामला शांत हुए। इस दौरान एसपी कार्यालय के बाहर और अंदर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। करीब दो से तीन घंटे तक यह घटनाक्रम चला।

भीम आर्मी के कार्यकर्ता के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई को लेकर भीम आर्मी के कई कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क में जमा हुए थे। वह प्रदर्शन करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचने की जिद कर रहे थे। इसको लेकर थोड़ा माहौल गर्मा गया था। जोकि बाद में शांत करा लिया गया। एएसपी ने भीम आर्मी के पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।

-हरीशंकर चंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *