
Banda Road Accident
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बांदा जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, घर के बाहर सो रहे अधेड़ को तेज रफ्तार मैजिक ने रौंद डाला। अचानक हुई घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन सहित चालक को कब्जे में ले लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के शंकरपुरवा गांव निवासी बाबूलाल प्रजापति (45) पुत्र रामगोपाल अपने घर के सामने चारपाई में सो रहा था। मंगलवार की सुबह साढ़े चार बजे एक तेज रफ्तार मैजिक कानपुर से टमाटर लादकर मैहर, मध्यप्रदेश जा रही थी।
इसी दौरान कालिंजर मुख्य मार्ग पर शंकरपुरवा में मैजिक चालक को झपकी आ जाने पर गाड़ी अनियंत्रित हो गई। इसके बाद घर के बाहर सो रहे व्यक्ति को रौंद डाला और पलट गई। गाड़ी पलटने से पूरे सड़क में टमाटर फैल गया। हादसे में घर के बाहर सो रहे अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई।
