इलाइट चौराहे से गुजर रही बरात को जल्द शादी घर पहुंचाने की बात पर हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बरात को जल्द ही शादी घर तक ले जाने की बात कहने पर बरात में शामिल कुछ युवक गल्ला मंडी चौकी प्रभारी से उलझ गए और अभद्रता कर दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बरातियों को खोजना शुरू किया, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। हालांकि पुलिस ऐसी किसी घटना के होने से इंकार कर रही है।
शहर के इलाइट चौराहा से सोमवार को देर रात्रि एक बरात निकल रही थी। इस दौरान वहां पर सादा वर्दी में एक दरोगा पहुंचे और बरात को जल्द शादी घर ले जाने की हिदायत देने लगे। इस पर बरात में शामिल तीन युवक सादा वर्दी में मौजूद दरोगा से उलझ गए और अभद्रता कर दी। किसी प्रकार लोगों ने मामला शांत कराया।
इस बीच दरोगा से उलझने और अभद्रता की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दरोगा से उलझने वाले बरातियों की तलाश की। लेकिन, तब तक वह गायब हो चुके थे। वहीं बताया जा रहा है कि गल्ला मंडी चौकी प्रभारी के साथ जब घटना हुई तब वह सादा वर्दी में थे। जिस कारण से बरात में शामिल युवक उन्हें पहचान नहीं पाए थे। लेकिन, जब उन्हें पता चला तब वह बरात से रफूचक्कर हो गए थे। हालांकि पुलिस ऐसी किसी भी घटना के होने से इंकार कर रही है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने अभद्रता करने वाले युवकों की पहचान कर ली है और अब इन्हें खोजा जा रहा है। यह घटना इलाइट क्षेत्र सहित पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बरात को जल्द शादी घर तक ले जाने की बात कहने पर बारात में शामिल कुछ युवक उनसे उलझ गए थे और बहस करते हुए अभद्रता पर उतर आए थे। आरोपी बरातियों की खोजबीन की जा रही है।
-सुरेश चतुर्वेदी, चौकी प्रभारी गल्ला मंडी
