परेशान लोगों ने प्याऊ में आ रहा गर्म पानी पीकर प्यास बुझाई, कार्यालय में ठप रहा ऑनलाइन कामकाज
दिन में ही आठ से दस बार हो रही बिजली कटौती
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं। कई इलाकों में जलापूर्ति भी प्रभावित है। वहीं नवीन गल्लामंडी इलाके में मंगलवार को करीब 15 घंटे आपूर्ति ठप रही। इससे मंडी आने वाले सैकड़ों किसानों और व्यापारियों को पूरे दिन बिना बिजली के रहना पड़ा।
शहर स्थित गल्लामंडी उपकेंद्र से निकले पिसनारी, गल्लामंडी, चार नंबर, तीन नंबर, पांच नंबर, आजादपुरा और नेहरू नगर फीडर ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे हैं। ओवरलोड के चलते सोमवार की रात संबंधित इलाकों में रातभर बार-बार बिजली कटौती से लोगों को परेशान होना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के चलते बिजली के आने-जाने से लोगों को नींद नहीं आई।
बिजली नहीं होने के कारण कई इलाकों में पानी का भी संकट बना रहा। अधिकारियों की माने तो इस समय सबस्टेशन और फीडर ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे हैं। जिसके चलते सोमवार की शाम गल्लामंडी क्षेत्र में रखा ट्रांसफार्मर और केबल खराब हो गया और इलाके की आपूर्ति ठप हो गई, जो कि मंगलवार की शाम तक नहीं सुधर पाई। इससे नवीन गल्लामंडी कार्यालय में पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान कार्यालय संबंधित सभी कार्य ठप रहे।
इसके साथ ही दूर दराज इलाके से आए किसानों और व्यापारियों के सामने पानी का भी संकट बना रहा। परेशान लोगों ने प्याऊ में आ रहा गर्म पानी पीकर प्यास बुझाई। उधर, अलग-अलग क्षेत्रों में दिन भर में आठ से दस बार बिजली कटौती की जा रही है।
सोमवार की शाम से मंडी में बिजली नहीं आ रही है। भीषण गर्मी और उमस से लोगों का जनजीवन बेहाल है। – नवीन
बिजली नहीं आने से परिसर में लगे प्याऊ में गर्म पानी आ रहा है। मजबूरन लोगों गर्म पानी पीकर प्यास बुझाई। – राजेश कुमार जैन
दिन में बारह से चौदह बार बिजली का आना-जाना लगा रहता है। लोगों को बिजली और पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। – मुन्नालाल सोनी
गेहूं की बिक्री के लिए लेकर सुबह मंडी आ गया था, लेकिन पूरे दिन से बिजली नहीं होने से गर्मी से परेशान होना पड़ा।- राजकुमार सोनी
बिजली आपूर्ति ठप होने से मंडी परिसर में लगे प्याऊ से गर्म आ रहा है। किसानों को ठंडे पानी के लिए परेशान होना पड़ा।- जितेंद्र रजक
वर्जन
सोमवार से नवीन गल्लामंडी परिसर की बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली नहीं आने के कारण कार्यालय के सभी ऑनलाइन कामकाज ठप रहे। गर्मी और उमस से बहुत बुरा हाल है। – संजय कुमार, मंडी सचिव
भीषण गर्मी में सभी उपकेंद्र और फीडर ओवरलोड हैं। गल्लामंडी इलाके की केबल खराब होने से आपूर्ति ठप हो गई थी। मरम्मत कार्य कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई।
– संजीव कुमार, एसडीओ
