पाली पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट युवती एसपी कार्यालय पहुंची
ललितपुर। युवती के साथ गाली-गलौज कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर मारने को आमादा होने का मुकदमा पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ दर्ज किया है। लेकिन, पाली पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट युवती बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंच गई।
कस्बा पाली अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 जून की शाम को वह कस्बे में थी। इसी दौरान कस्बा पाली निवासी एक युवक आया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाया। उधर, थाना पाली पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित युवती बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंची।
यहां उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व कस्बा निवासी आरोपी युवक उसे पकड़कर अपने साथ ले गया था। यहां आरोपी ने उसे खाने में कुछ खिला दिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था। थाने में शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस ने उसके कपड़े भी बदलवाए और उसका मेडिकल टेस्ट कराने के लिए टालते रहे।
पीड़ित युवती ने जो तहरीर दी है और उसमें जो लिखा है उसके आधार पर ही पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है। युवती के लगाए गए अन्य आरोप निराधार और गलत हैं।
-कामता प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक थाना पाली
