संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Fri, 16 Jun 2023 01:12 AM IST
बांदा। दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक से कुचलकर उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदौसा थाना क्षेत्र के नादनमऊ गांव निवासी सुनीता (35) देवर भगवानदास (30) और भतीजे अंकित (18) के साथ बुधवार रात नौ बजे के करीब गांव से अपनी पुत्री कैलसिया के घर बांदा आ रहीं थी। देहात कोतवाली क्षेत्र के कुलकुम्हारी गांव के पास आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने में उनकी बाइक आगे हुई वैसे ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इससे सुनीता बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरी। इसी समय पीछे से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में देवर और भतीजा भी घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। मृतका के दामाद मनोज ने बताया कि बुधवार को वह उनके घर आ रहीं थी। तभी यह हादसा हुआ। मृतका के पति शिवमोहन नागपुर में कमाते हैं। परिवार में दो पुत्रियां और दो पुत्र हैं। सीओ गवेंद्र पाल गौतम ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
