– पहली पाली में 4.23 और दूसरी पाली में 4.22 परीक्षार्थी रहे उपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा प्रदेश भर में 1108 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। जिसमें पंजीकृत 4,72,882 में से 50,382 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
बृहस्पतिवार को आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा में 4,72,882 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा दो पालियों में होनी थी, जिसमें पहली पाली में 4,23,108 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा में 4,22,500 ही परीक्षार्थी पहुंचे। कुल 50,382 परीक्षार्थियों ने बीएड की प्रवेश परीक्षा छोड़ दी। वहीं पहली पाली की परीक्षा देने के बाद 608 परीक्षार्थियों ने दूसरी पाली की परीक्षा नहीं दी। वहीं परीक्षा केंद्रों पर कई परीक्षार्थी एक ही प्रवेश पत्र लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे। परीक्षा केंद्र पर उन्हें प्रवेश पत्र की दूसरी प्रति भी लेकर आने के निर्देश दिए गए।
बीयू के कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में लगभग 90 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित थे। परीक्षा केंद्रों पर बीयू के कंट्रोल रूम से निगाह रखी गई थी।
