पुलिस टीम आरोपी दरोगा की तलाश में जल्द देगी संभावित स्थानों पर दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आरोपी दरोगा के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के केस की विवेचना को पुलिस विभाग स्थानांतरित करने की तैयारी में है। जल्द ही इस मुकदमें की विवेचना अन्य जांच अधिकारी को सौंप दी जाएगी। वहीं आरोपी दरोगा को गिरफ्तार करने की संभावना बताई जा रही है। इसके लिए पुलिस टीम दरोगा की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जाएगी।
कोतवाली अंतर्गत चौकी नेहरू नगर प्रभारी अतुल तिवारी व उनके चार परिजनों के खिलाफ कुछ दिन पूर्व एक युवती ने दुष्कर्म का मुकदमा कोतवाली सदर में दर्ज कराया था। जिसके बाद एसपी ने आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। मुकदमा की विवेचना कोतवाली में तैनात अतिरिक्त निरीक्षक अपराध को सौंपी गई थी। जिसमें विवेचक ने हाल ही में पीड़िता के महिला दरोगा ने और न्यायालय में न्यायाधीश के समक्ष बयान दर्ज करने के साथ मेडिकल टेस्ट कराया था।
सूत्रों के अनुसार पीड़ित युवती ने कोर्ट में न्यायाधीश के समक्ष जो कुछ बताया है उससे आरोपी दरोगा अतुल तिवारी की मुश्किलें तो बढ़ेगी ही, पुलिस को भी कठिनाई होगी। इस कारण पुलिस के समक्ष व कोर्ट में दिए गए बयानों में अंतर होना बताया जा रहा है। इसके साथ पीड़िता ने न्यायाधीश के समक्ष अभी तक की जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे। जिसके बाद अब इस हाईप्रोफाइल मुकदमें की विवेचना स्थानांतरित करने और विवेचक को बदलने की तैयारी की जा रही है।
