Spread the love


अमर उजाला ब्यूरो

ललितपुर। हवाई अड्डा भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। अब सिर्फ एक ही बैनामा बाकी बचा है, जो एक-दो दिन में कराए जाने का दावा किया जा रहा है। करीब दो एकड़ के आसपास भूमि बची है, जिसका बैनामा होने के बाद नागरिक उड्डन विभाग को भूमि सौंप दी जाएगी, जिससे वह निर्माण कार्य प्रारंभ कर सके।

जनपद में प्रस्तावित हवाई अड्डा के लिए 2.89 हेक्टेयर भूमि का पेच फंसा हुआ चल रहा था जिसमें लापता भूस्वामी और न्यायालय में चल रहे वाद प्रमुख कारण थे। यह भूमि अधिग्रहित कार्य में बाधा बन रही थी। कोर्ट में चल रहे इन वादों का निस्तारण हो गया और इस भूमि को राजस्व विभाग ने अधिग्रहित कर लिया। शुक्रवार को आखरी बचे दो बैनामों में एक करा लिया गया है, अब एक ही बैनामा शेष बचा हुआ है। हवाई अड्डा के लिए भूमि अधिग्रहित करने का कार्य समाप्ति की ओर बढ़ता देख जिला प्रशासन ने इस भूमि को नागरिक उड्डयन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही जनपद में हवाई अड्डा निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।

390 एकड़ भूमि में प्रस्तावित है हवाई अड्डा निर्माण

जनपद में प्रस्तावित हवाई अड्डा निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य वर्ष 2021 में प्रारंभ हुआ था। भूमि अधिग्रहित करने के लिए शासन ने 87.42 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की थी। प्रस्तावित हवाई अड्डे निर्माण को 390 एकड़ भूमि चिह्नित की गई थी। इसमें 226 एकड़ जमीन निजी किसानों की थी, जबकि शेष भूमि ग्राम सभा और सरकारी विभागों की थी।

हवाई अड्डा भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है।

सिर्फ एक बैनामा भी बाकी बचा हुआ है, जिसकी प्रक्रिया भी अंतिम दौर में चल रही है। करीब 50 लोगों को प्लॉट के बदले प्लॉट दिए जा चुके हैं। अब जल्द ही नागरिक उड्डयन विभाग जनपद में हवाई अड्डा निर्माण का कार्य शुरू कर देगा। -अमित कुमार भारतीय, उप जिलाधिकारी सदर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *