संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sun, 18 Jun 2023 12:57 AM IST
बांदा। हत्यारोपी पति ने चाकू से पांच वार किए थे। इससे पत्नी की मौत हुई है। सभी वार पेट के निचले हिस्से में किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। उधर, हत्यारोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
गिरवां थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी संजो (24) को उसके मायके शहर कोतवाली क्षेत्र के कहला गांव में पति शिवकुमार ने चाकू से कई वार कर हत्या कर दी थी। इस घटना में शनिवार को मृतका संजो के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम सूत्रों के मुताबिक मृतका के पेट के निचले हिस्से में चाकू से पांच वार किए गए हैं। उधर, शहर कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया था। शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया है।
बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा मानपुर गांव में हुई दंपती की हत्या के आरोपी पिता का अब तक सुराग नहीं लग सका है। पुलिस को शक है कि वह गांव के ही आसपास कहीं छिपा हुआ है। उसकी तलाश में गांव और बीहड़ खंगाले जा रहे हैं।
बरसड़ा मानपुर गांव में 14 जून को आधी रात के बाद मन्नूलाल राजपूत और उसकी पत्नी चुन्नी देवी की मन्नू के पिता देशराज राजपूत ने धारदार हथियार से सोते समय हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। नरैनी कोतवाल अरविंद सिंह गौर ने बताया कि हत्यारोपी की तलाश गांव के आसपास की जा रही है।
