Spread the love


कस्बा सौजना में शुक्रवार की रात को हुई घटना, मां-बाप और बहन के साथ कमरे में सो रहे थे दोनों भाई

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत बताया लेकिन, परिजनों को विश्वास नहीं हुआ

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। शुक्रवार की रात को घर के अंदर सो रहे दो सगे भाइयों की सांप के डसने से मौत हो गई। दोनों बच्चे माता-पिता व बहन के साथ कमरे में सो रहे थे। बेसुध हुए दोनों लाडलों को उठाकर जिला अस्पताल दौड़े पिता को जब डॉक्टरों ने यह बताया कि बच्चों की मौत हो चुकी है तो उसे विश्वास नहीं हुआ। वह परिजनों और ग्रामीणों के साथ बच्चों के शव गोद में उठाकर जैसे-तैसे दो-तीन जगह झाड़-फूंक कराने के लिए दौड़ता रहा। घंटों यहां-वहां दौड़े बेसुध पिता से जब पुलिस ने दोनों शव अपने कब्जे में ले लिए तो वह पत्नी और बेटी को गले लगाकर दहाड़े मारने लगा…बोला, हे भगवान दोनों बच्चे छीन लिए, अब जिंदगी कैसे कटेगी…। वहीं, एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में भी मातम छाया रहा।

कस्बा सौजना निवासी राजपाल रजक के दो पुत्र बलवीर (10) और दीपक (8) थे। एक 12 वर्षीय पुत्री भी है। राजपाल खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। वह गांव में पंडाखेरा जाने वाले मार्ग पर स्थित अपने खेत पर बने मकान में परिवार सहित रहते हैं। शुक्रवार की रात बलवीर और दीपक अपने माता-पिता व बहन के साथ कमरे में सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे थे, तभी बलवीर और दीपक के पैर के अंगूठों पर सांप ने डस लिया। दर्द से वह नींद से जाग गए और माता-पिता को जगाकर जानकारी दी।

माता-पिता ने कमरे की लाइट जलाई तो उन्हें कमरे में एक सांप दिखाई दिया। इस बीच सांप के डसने से दोनों बालकों की हालत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गए। यह देख उसकी मां और बहन रोने लगीं। शोरगुल सुनकर गांव के कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए और दोनों बच्चों को लेकर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही दोनों बच्चों के शव लेकर वहां से निकल गए।

असल में एक साथ दोनों बेटों की मौत पर राजपाल और परिजनों को विश्वास नहीं हुआ। राजपाल दोनों बालकों के जिंदा हो जाने की आस में शव लेकर मध्य प्रदेश में ही स्थित बगायज माता मंदिर में झाड़-फूंक कराने पहुंच गया। उसके साथ परिजन और कई ग्रामीण भी थे। लेकिन, यहां भी झाड़-फूंक के बाद जब कुछ नहीं हुआ तो वह वापस थाना सौजना के अंतर्गत ग्राम मैगुवा पहुंच गया।

यहां भी उसने झाड़-फूंक कराई, लेकिन यहां भी निराशा ही हाथ लगी और झाड़-फूंक करने वालों ने दोनों को मृत बता दिया, तो वह बच्चों को लेकर तीसरी जगह झाड़-फूंक कराने के लिए जाने लगा। इसी दौरान थाना सौजना पुलिस वहां पहुंच गई और दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। ऐसे में बच्चों के माता-पिता की हालत देख किसी के भी आंसू नहीं रुक रहे थे। बच्चों की बूढ़ी दादी भी बच्चों को याद कर रोए जा रही थी।

थाना सौजना के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार दुबे ने बताया कि सांप के डसने से दोनों बच्चों की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

तुरंत अस्पताल ले जाकर इलाज कराएं

ललितपुर। आपदा विशेषज्ञ आरती सिंह ने बताया कि मार्च से अभी तक सांप के डसने से चार से पांच लोगों की मौत होने के केस आए हैं। सांप के डसने के बाद झाड-फूंक के बजाय लोग अस्पताल में इलाज कराएं, इसके लिए आपदा विभाग लगातार गांवों में गोष्ठी और बैठक कर लोगों को जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद लोग झाड़-फूंक कराने जगह-जगह जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *