संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Sun, 18 Jun 2023 11:56 PM IST
ललितपुर। हाईवे पर आपराधिक वारदातों की रोकथाम के लिए पुलिस योजना तैयार करेगी। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। जनपद की सीमा से करीब 70 से 80 किलोमीटर का एनएच-44 गुजरता है। साथ में करीब 60 किलोमीटर लंबा स्टेट हाईवे है।
यहां लूट, हत्या, रेप, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अपहरण की रोकथाम के लिए पूर्व में पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। लेकिन, मौजूदा समय में यह निष्क्रिय हो चुकी हैं। ऐसे में हाईवे पर बढ़ रही आपराधिक वारदातों को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने जनपद पुलिस को कार्ययोजना तैयार करने के आदेश जारी किए। इसमें सर्किल और थानेेवार पुलिस की टीमें गश्त करेंगी।
पुलिस की यह टीमें गर्मी के दिनों में रात 12 से सुबह तक गश्त करेंगी। टीमों के नंबर भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस उच्चाधिकारी टीमों के कार्य की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा इन घटनाआे से जुड़े अपराधियों की सूची भी बनाई जाएगी। संवाद
