Spread the love


नगर पंचायत अध्यक्ष की पहल पर हटवाया गया कब्जा

संवाद न्यूज एजेंसी

महरौनी (ललितपुर) । नगर के ललितपुर रोड स्थित नवीन अंत्येष्टी स्थल के पीछे नगर पंचायत की लगभग दो एकड़ जमीन को प्रशासन द्वारा अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। अब उक्त भूमि को नगर के विकास कार्यों हेतु उपयोग में लाया जाएगा।

कस्बा महरौनी में कई विकास योजनाएं प्रस्तावित हैं। लेकिन, इनके लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध न होने का रोना लंबे समय से चला आ रहा है। ऐसा नहीं है कि नगर पंचायत के पास भूमि उपलब्ध न हो, लेकिन कुछ भूमि पर लंबे समय से कुछ प्रभावशाली लोगों ने अवैध कब्जे कर रखा था।

नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम दुष्यंत बड़ौनिया और वार्ड सभासदों ने ललितपुर रोड स्थित नये अंत्येष्टी स्थल के पीछे नगर पंचायत की लगभग दो एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत प्रशासन से की थी। उक्त भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की गई थी।

शिकायत को संज्ञान मे लेकर एसडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजी गई। उक्त नामित टीम ने मौके पर जमीन की नापजोख की और उक्त भूमि को कब्जे मुक्त कराया गया। इसके साथ ही अवैध कब्जाधारियों को उक्त भूमि से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

अब इसे बहुत जल्द नगर के विकास कार्यों हेतु प्रयोग मे लाया जाएगा। इस मौके पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ौनिया आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *