संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
Updated Wed, 21 Jun 2023 01:16 AM IST
ललितपुर। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ एक महिला ने अभद्रता कर दी। जब पुलिसकर्मियों ने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो महिला ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
मंगलवार की दोपहर कोतवाली अंतर्गत नई बस्ती चौकी पुलिस को सूचना मिली कि मोहल्ले में एक स्थान पर विवाद हो रहा है। सूचना पर दो पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। यहां पुलिसकर्मियों को देखते ही विवाद कर रही महिला आक्रोशित हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगी। जब पुलिसकर्मियों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगे तो महिला ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
इस बीच सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और किसी प्रकार आक्रोशित महिला पर काबू पाते हुए कोतवाली लेकर आई। यहां महिला के परिजनों ने बताया कि महिला का मानसिक संतुलन सही नहीं है। अब पुलिस महिला के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटा रही है। वहीं यह घटना नई बस्ती क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। संवाद
