Spread the love


एसपी पहुंचे मौके पर, फॉरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल से एकत्रित किए नमूने, जांच के लिए डीएनए भेजा प्रयोगशाला

संवाद न्यूज एजेंसी

मड़ावरा/ललितपुर। खेत में नर कंकाल मिलने से गांव के लोगों में हड़कंप मच गया। कंकाल गांव से दस दिन से लापता चल रहे युवक का था। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर पिता ने पहचान की। एसपी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित किए। कंकाल किसका है इसका सही पता डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

बुधवार की सुबह थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम बम्हौरी कलां के मजरा फूटा ताल में कुंजी अहिरवार के खेत में नर कंकाल पड़ा हुआ मिला। कंकाल के दोनों पैर घुटनों से गायब थे और कंधों से आगे दोनों हाथ और पसलियों का पिंजर भी नहीं था। कुछ दूर एक टूटी पसली और हड्डियां व पैंट-टीशर्ट पड़ी थी। टीशर्ट व पैंट को देखकर कंकाल की शिनाख्त गांव के ही हरीसिंह ने अपने पुत्र प्रताप (25) के रूप में की।

वहीं खेत में नर कंकाल मिलने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी मड़ावरा मोहम्मद इमरान, फॉरेंसिक जांच टीम और मड़ावरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर ग्रामीणों से पूछताछ की। फॉरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित किए।

अभी पुलिस एवं परिजन खेत में मिले नर कंकाल को प्रताप का ही मानकर चल रही है। लेकिन कंकाल प्रताप का है या किसी और का इसकी पुष्टि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने तीन के खिलाफ दर्ज किया हत्या का केस

मृतक प्रताप के पिता हरीसिंह ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि उसके पुत्र प्रताप का देवेंद्र निवासी ग्राम बम्हौरीकलां से विवाद हो गया था। जिसमें देवेंद्र ने प्रताप से कहा था कि वह उसके टुकड़े करके फेंकवा देगा। केहर ने प्रताप को चार दिन में उठवा लेने की धमकी दी थी। इसके साथ उजवक निवासी बम्हौरीकलां से भी उसका विवाद हो गया था। तहरीर में बताया कि उसे शक है कि तीनों आरोपियों ने प्रताप की हत्या कर दी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

11 जून को हुआ था लापता, 13 जून को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

प्रताप 11 जून की रात्रि 8 बजे घर से बिना बताए चला गया था। जिसकी परिजनों ने काफी खोजबीन की थी। पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी थी। 13 जून को मड़ावरा पुलिस ने प्रताप के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी और उसकी खोजबीन में जुट गई थी।

कंकाल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं

खेत में कई टुकड़ों में नर कंकाल पड़े मिलने को लेकर गांव के लोगों में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जिसमें हत्या कर शव को खेत में फेंक देने की चर्चा सबसे प्रमुख है। वहीं कुछ लोग कंकाल के टुकड़े कई हिस्सों में पड़े मिलने को लेकर यह भी चर्चा कर रहे हैं कि सुनसान खेत में शव पड़े होने पर जंगली जानवरों ने उसके अंगों को खाया होगा। जिससे शव की हड्डियां कंकाल से अलग बिखरी हुई अवस्था में मिली। हालांकि पुलिस ऐसा कुछ भी होने से अभी इन्कार कर रही है।

बम्होरीकलां के खेत में मानव कंकाल मिलने पर पुलिस आवश्यक जांच पड़ताल कर रही हे। मौके पर मिले कपड़ों के आधार पर शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। कंकाल का डीएनए जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मोहम्मद इमरान, क्षेत्राधिकारी मड़ावरा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *