Spread the love


बिना भूमि संख्या दर्ज कराए हो गए नाले की करोड़ों की भूमि के बैनामे

नौ बैनामों में चौहद्दी दर्ज कराकर ही हो गई प्लाट बिक्री, नक्शा भी हुआ पास

अमर उजाला ब्यूरो

ललितपुर। आजादपुरा में नाले की करोड़ों की जमीन के विक्रय मामला तूल पकड़ रहा है। प्रशासनिक जांच में उजागर हुआ है, कि नाले की भूमि व उसके पास के नौ बैनामे ऐसे हुए हैं। जिनमें भूमि संख्या नहीं खोला गया है। सिर्फ चौहद्दी दर्शा कर ही बैनामा कर दिया गया। इसके बाद इस भूमि का दाखिल खारिज भी तहसील ने कर दिया। हैरत की बात तो यह है कि नाले की भूमि पर मकान बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने भी अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिए और एक भवन स्वामी का नक्शा विनियमित क्षेत्र ने भी पास कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेकर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद आगामी कार्रवाई के लिए प्रशासन अमला अन्य दस्तावेजों को एकत्रित कर रहा है।

बिना नंबर दर्ज बैनामों में शहर के नामचीन लोगों के नाम

आजादपुरा में जो बैनामा सैमसंग काशीनाथ से कराए गए, उसमें शहर के नामचीन लोगों के परिजन भी शामिल हैं। कई ऐसे लोगों के परिजन भी शामिल हैं, जिनका पूर्व भी कई जमीनों की खरीद फरोख्त में नाम आ चुका है।

बिना लेआउट पास प्लाटिंग करने वालों को दिया जा चुका है नोटिस

प्रशासन ने पूर्व में 84 लोगों को अवैध प्लाटिंग बैनामे के संबंध में नोटिस जारी किए थे। जांच में 35 लोगों का नाम आया था, जिन्होंने इन 84 लोगों को बिना लेआउट पास किए प्लाट बेचे थे। अभी भी विनिमय क्षेत्र में इन प्रकरणों की कार्रवाई प्रस्तावित चल रही है।

बिना खाता नंबर के बैनामों में किस खाते की जमीन होगी कम

सदर तहसील क्षेत्र में बिना खाता नंबर के कई बैनामों का दाखिल खारिज कर दिया गया, लेकिन विचारणीय बात यह है कि दाखिल खारिज के बाद मूल खातेदार की भूमि का बैनामा किया हुआ, संपत्ति से कम होता है, जब बैनामे पर भूमि संख्या ही नहीं है, तो किस खाते से यह भूमि घटाई गई है। यह भी जांच नया बिंदु बन गया है।

जनपद में कई मामले नाले की भूमि पर कब्जे के हैं लंबित

सिर्फ आजादपुरा में ही नहीं, इसके पहले के भी कई मामले ऐसे हैं, जहां पर नाले की भूमि पर अवैध कब्जा किया हुआ, इनके विनियम क्षेत्र ने नोटिस भी जारी किए है, लेकिन इसके बाद पालिका व अन्य किसी विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इनमें नई बस्ती का एवं सदनशाह का दो प्रकरण काफी चर्चा में है।

नाले के खाता संख्या पर कैसे दे दी पालिका भवन निर्माण की अनुमति

आजादपुरा में भूमि का खाता संख्या नाले में दर्ज है। फिर भी नगर पालिका द्वारा अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया। जबकि अधिशाषी अधिकारी निहाल चंद ने बताया कि अनापत्ति प्रमाणपत्र बैनामें में दर्ज भूमि के आधार पर किया गया है। ऐसे में पालिका अभिलेखों मेंं भूमि का ब्यौरा नहीं देखा गया, क्योंकि अगर ऐसा होता, तो निश्चत ही पालिका अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं देती।

नक्शा लाइसेंस धारक भी नहीं देते भूमि स्वरूप का ध्यान

नक्शा लाइसेंस धारकों के द्वारा जानबूझकर ऐसी भूमि पर नक्शों का निर्माण कर दिया जाता है, जिनका लेआउट पास नहीं है। जबकि नक्शा लाइसेंस धारकों को भूमि का स्वरूप ध्यान में रखकर नक्शा बनाना चाहिए। शहर में अवैध भवनों में कहीं न कहीं नक्शा लाइसेंस धारक भी दोषी हैं।

आजादपुरा में नाले की भूमि पर अवैध कब्जे के प्रकरण में एक भवन का नक्शा विनिमय क्षेत्र से पास किया गया है, उस नक्शे को निरस्त करने की कार्रवाई चल रही है।-ओपी मालवीय, अवर अभियंता, विनिमय क्षेत्र ललितपुर।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *